चरखी दादरी। सीआईए स्टाफ ने घिकाड़ा रोड पर 7 अक्तूबर को प्लॉट के लिए हुए झगड़े में महिला व उसकी सास पर लाठी-डंडों से हमला करने, गालियां देने व जान से मारने की धमकी देने के आरोपी बलवान निवासी गांव मालपोष को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी बलवान को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 7 अक्तूबर को बस स्टैंड चौकी में रीता, शकुंतला निवासी वार्ड-19 व खुशीराम निवासी गोधड़ी जिला झज्जर के घायल होने के बारे सूचना प्राप्त हुई। इस पर पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची।
जहां घायल रीता ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके ससुरालवालों ने घिकाड़ा रोड पर एक प्लाॅट 2008 में खरीदा था। इस प्लॉट पर बलवान निवासी मालपोष ने हक जताते हुए 5-6 अन्य लोगों के साथ उन पर लाठी, डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
इस हमले में उसकी सास शकुंतला और खुशीराम घायल हो गए। शोर मचाने पर आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी बलवान को गिरफ्तार कर लिया है। ब्यूरो