चरखी दादरी स्थित एक होटल में पार्टी कर रहे दो दोस्तों पर मंगलवार देर रात धारदार हथियारों से लैस बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहीं, मृतक युवक के परिजनों के बयान शहर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार शहर के सैनीपुरा मौहल्ला निवासी राहुल और गोशाला चौक क्षेत्र निवासी आकाश मंगलवार रात पूर्ण मार्केट के पिछली तरफ स्थित एक होटल के कमरे में बैठकर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। उसी दौरान करीब दस-बारह युवक धारदार हथियार लेकर होटल में घुस गए। बदमाशों ने कमरे में बैठे आकाश और राहुल पर पहले अंदर हमला किया और इसके बाद उन्हें घसीटते हुए बाहर गली में ले आए।
वहां करीब चार मिनट तक बदमाशों ने दोनों को घेरकर चाकू, ईंट, डंडों और फरसों से अनगिनत वार किए। आकाश के दम तोड़ने तक बदमाश उसे घेरकर पीटते रहे और इसके बाद बाइकों पर बैठकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, आकाश और राहुल को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया जबकि राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।