चरखी दादरी। जिले में मौसम के बदले तेवरों का सीधा असर अब बाजारों पर साफ नजर आने लगा है। जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, वैसे-वैसे लोगों की जरूरतें और खरीदारी का रुख भी बदल गया है। बाजारों में गर्म कपड़ों के साथ-साथ गर्म खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड रोड, पुरानी अनाज मंडी, रेलवे रोड और लाला लाजपत राय चौक, रोज गार्डन के आसपास इन दिनों सूप, जलेबी, पकौड़े, चाय और कॉफी की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
सूप, जलेबी, पकौड़े की बिक्री बढ़ी
खासतौर पर सुबह और शाम के समय लोग ठंड से राहत पाने के लिए गर्म खाद्य पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। सूप की दुकानों पर अलग-अलग फ्लेवर के सूप बिक रहे हैं, वहीं जलेबी-पकौड़े की दुकानों पर कतारें लगी देखी जा सकती हैं। चाय विक्रेताओं का कहना है कि ठंड बढ़ते ही बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।
स्वेटर, जैकेट, मफलर की मांग तेज
दूसरी ओर कपड़ा बाजार में भी जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है। स्वेटर, जैकेट, शॉल, मफलर, टोपी और दस्तानों की मांग अचानक बढ़ गई है। कई दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सेल और डिस्काउंट ऑफर भी शुरू कर दिए हैं, जिसका लोग जमकर फायदा उठा रहे हैं। खासकर मध्यम वर्ग और मजदूर तबके के लोग किफायती दामों पर गर्म कपड़े खरीदते नजर आ रहे हैं।
दिनचर्या पर पड़ा असर
ठंड के कारण बाजारों में न केवल खरीदारी का स्वरूप बदला है, बल्कि लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ा है। सुबह के समय बाजार देर से खुल रहे हैं, जबकि शाम को भीड़ अपेक्षाकृत ज्यादा देखने को मिल रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव जलाते नजर आ रहे हैं, जिससे लकड़ी और कोयले की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। इसके अलावा हीटर, ब्लोअर और रूम हीटर की दुकानों पर भी पूछताछ बढ़ गई है।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
स्वास्थ्य के लिहाज से भी मौसम का असर दिख रहा है। ठंड बढ़ने के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है, जिससे मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों की मांग बढ़ी है। काढ़ा, गिलोय, तुलसी और अन्य घरेलू नुस्खों से जुड़ी सामग्री की भी अच्छी खपत हो रही है। कुल मिलाकर मौसम के बदलते मिजाज ने दादरी के बाजारों में नई हलचल पैदा कर दी है।