चरखी दादरी/बौंदकलां। हिंडोल-सांवड़ रोड पर शनिवार रात किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर हिंडोल निवासी बाइक सवार सेना के सूबेदार जोरावर की मौत हो गई। सूबेदार की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने रविवार दोपहर सूबेदार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के चचेरे भाई ऋषिपाल ने बताया कि जोरावर आर्मी में सेवारत था। छह मई को दो सप्ताह की छुट्टी लेकर आया था। रविवार को उसे वापस जोधपुर स्थित ड्यूटी स्थल पर लौटना था। ऋषिपाल ने बताया कि जोरावर 20 मई की शाम करीब सात बजे वह किसी काम से सांवड़ गया था। इसके कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि हिंडोल- सांवड़ रोड पर उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो जोरावर मृत अवस्था में रोड पर पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए देर रात ही दादरी सिविल अस्पताल में रखवा दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सेना में सूबेदार जोरावर सिंह के दो बच्चे हैं। इनमें बेटी अठारह साल की है, जबकि बेटा 13 साल का है। इस हादसे ने परिवार को झकझोर दिया है। सूबेदार जोरावर सिंह 27 साल से सेना में कार्यरत थे।
इस संबंध में अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, सैनिक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल, बौंदकलां थाना