हिसार मिलिट्री स्टेशन पर 14 मार्च से पांच अप्रैल तक होने वाली सेना भर्ती के उम्मीदवारों को कोरोना वायरस मुक्त होने का प्रमाण पत्र लेकर जाना होगा। इस भर्ती में उम्मीदवार की योग्यता के आधार पर ही उसका चयन किया जाएगा। यह बात दादरी सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक की तरफ से ये निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि इस रैली में भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी जिला के युवक भाग ले रहे हैं। रैली के लिए सभी उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार एडमिट कार्ड में दर्शाए स्थान और समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। रैली में जाने से पहले उम्मीदवार कोरोना जांच अवश्य करवा लें और कोरोना से मुक्त होने का प्रमाण पत्र लेकर जाएं। आवेदकों को शपथ पत्र नोटिफिकेशन के मुताबिक ही बनवाना होगा।
उन्होंने कहा कि फौज की भर्ती के दौरान युवाओं व उनके माता-पिता को कुछ फर्जी बातें कहने वाले दलाल किस्म के लोग मिलते हैं। जो धन देकर सेना में नौकरी दिलवाने का दावा करते हैं। ऐसे लोग कहीं मिले तो भर्ती कार्यालय को इसकी सूचना दें। इन दलालों के विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी।