चरखी दादरी में हिंडोल-सांवड़ रोड पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार वाहन ने सैनिक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हिंडोल निवासी सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उसके चचेरे भाई के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक जोरावर सिंह का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के चचेरे भाई ऋषिपाल ने बताया कि जोरावर आर्मी में सेवारत है। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। 20 मई को शाम सात बजे वह किसी काम से सांवड़ गया था। इसके बाद उन्हें सूचना मिली कि हिंडोल-सांवड़ रोड पर उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो जोरावर मृत अवस्था में रोड पर पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए देर रात ही दादरी सिविल अस्पताल में रखवा दिया।