चरखी दादरी। सभी राजनीतिक दल जिला की दोनों विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर)-2026 के कार्य में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।
बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल के निर्देशों पर एसआईआर-2026 को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दादरी के एसडीएम डाॅ. विरेन्द्र सिंह, सीटीएम डाॅ. सुभाष चंद्र व बाढड़ा के एसडीएम आशीष सांगवान, चुनाव नायब तहसीलदार व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधी उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों ने पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। 5 जून से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के प्रशिक्षण और गणना पत्रकों की प्रिंटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से सभी पात्र मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित किए जाएंगे और मतदाताओं से विधिवत भरवाकर 14 जुलाई तक वापस एकत्रित किए जाएंगे।
बीएलओ के साथ-साथ बीएलए को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा त्रुटियों के सुधार संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। इससे राजनीतिक दलों को भी पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सकेगी।
उन्होंने बताया कि जिला की बाढड़ा व दादरी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 4 लाख 10 हजार 344 मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए बीएलए-1 तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बीएलए-2 की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करें, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अभियान के तहत 5 जून से 14 जून तक बीएलओ का प्रशिक्षण एवं आवश्यक सामग्री वितरण किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना पत्रक वितरण और वापिस एकत्रित करने का कार्य करेंगे।
मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा तथा 21 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक निर्धारित की गई है, जबकि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।