संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। ड्रग्स फ्री हरियाणा साइकिल यात्रा में जिले की विशेष रूप से सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसको लेकर उपायुक्त मुनीश शर्मा ने युवाओं से अपील की कि हरियाणा उदय पोर्टल उदय.हरियाणा.जीओपी.आईएन पर उपलब्ध प्लेटफार्म प्रणाली के जरिये अपना रजिस्ट्रेशन करें और साइक्लोथॉन के विशेष भागीदार बनें।
उन्होंने बताया कि साइक्लोथॉन यात्रा का जिले में बाढड़ा ब्लॉक में जन भागीदारी के साथ स्वागत किया जाएगा। अब तक जिले से 4 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक युवाओं को भागीदार बनाने के लिए खेल प्रशिक्षकों, खेल एकेडमी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खिलाड़ियों के साथ-साथ स्वयं का भी पंजीकरण करें। साइक्लोथॉन यात्रा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक जारी किया गया है। इस पर कोई भी व्यक्ति रजिस्ट्रेशन कर सकता है। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य नशामुक्त हरियाणा का संदेश हर घर तक पहुंचाना है।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायतों, कॉलेजों, स्कूल, एनजीओ, विभिन्न संस्थाओं, नशामुक्ति केंद्र और युवाओं से ड्रग फ्री हरियाणा मुहिम में शामिल होकर इस यात्रा में भाग लेने का आह्वान भी किया।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत ड्रग फ्री हरियाणा का संदेश लेकर साइक्लोथॉन 6 अप्रैल को जिले में प्रवेश करेगी। जिले में रात्रि विश्राम के उपरांत यात्रा 7 अप्रैल को महेंद्रगढ़ जिले में प्रवेश करेगी।