संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के रावलधी-भिवानी लिंक रोड बाईपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में घायल दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना में भिवानी जिले के गांव कितलाना निवासी 20 वर्षीय सागर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके चचेरे भाई 21 वर्षीय प्रमोद ने शनिवार को रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो युवाओं की एक साथ मौत से गांव कितलाना में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार सागर और प्रमोद आपस में चचेरे भाई थे और पीवीसी शीट लगाने का काम करते थे। शुक्रवार को दोनों युवक बाइक पर सवार होकर काम के सिलसिले में दादरी आए थे। शाम को काम देखने के बाद वे गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे रावलधी-भिवानी लिंक रोड बाईपास पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक सहित संतुलन खो बैठे और ओवरब्रिज से नीचे जमीन पर जा गिरे। राहगीरों व पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया था।
रोहतक पीजीआई में शनिवार को प्रमोद ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सागर के शव का पोस्टमार्टम दादरी में कराया गया, जबकि प्रमोद के शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में हुआ। परिजनों के अनुसार सागर दो भाइयों में छोटा था, जबकि प्रमोद तीन भाई-बहनों में मंझला था।
परिवार में दोनों की असमय मौत से गहरा सदमा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। दादरी सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई मंजीत ने बताया कि मृतक सागर के भाई साहिल के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।