चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने होटल संचालक के साथ मारपीट, तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी विक्रम उर्फ विक्की उर्फ बंजारा निवासी चरखी दरवाजा, दादरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गत 30 अप्रैल की रात को स्थानीय दिल्ली बाईपास स्थित एम्पायर होटल में होटल संचालक पुनीत कुमार निवासी छोटी बजारी, दादरी के साथ कुछ व्यक्तियों ने होटल में घुसकर डंडों से हमला किया था। घटना में पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं और होटल में तोड़फोड़ भी की गई थी। घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था।
पीड़ित की शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सदर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमन, मोहित मिश्रा, प्रवीन तथा सतीश को गिरफ्तार किया था।
मामले की जांच के दौरान सोमवार को एएसआई अवनीत ने आरोपी विक्रम उर्फ विक्की को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।