अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सरगना हिसार के कलरभैणी निवासी भजन उर्फ राजू सदर थाना में दर्ज चोरी के एक मामले में उद्घोषित अपराधी (पीओ) था। भजन पर सदर थाने में 2015 में चोरी का केस दर्ज हुआ था। एंटी बर्गलरी एवं पीओ स्टाफ ने उसे पीओ के तौर पर पकड़ा, लेकिन सख्ती से पूछताछ की गई तो गिरोह की परतें खुलीं। गिरोह ने 16 दिन के अंतराल में दादरी क्षेत्र की सात दुकानों को निशाना बनाकर लाखों के गहनों और हजारों की नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ किया था। नजफगढ़ के दुराला निवासी संदीप और महेंद्रगढ़ के ऊंची भांडोर निवासी प्रमिंद्र उर्फ प्रवीन भी नौ वारदात में उसके साथ थे। इन तीनों के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में 40 और राजस्थान में एक मामला दर्ज है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि भजन पर सदर थाने में 2015 में चोरी का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में वह पीओ घोषित था। एंटी बर्गलरी एवं पीओ स्टाफ ने उसे पीओ समझकर गुप्त सूचना के आधार पर रावलधी चौक से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उनका गिरोह कई जिलों में चोरियां कर चुका है। कुछ वारदात को तो हाल ही में अंजाम दिया गया है। इसके बाद उसने अपने साथ प्रमिंद्र की लीड पुलिस को दी और उसके साथी को पुलिस ने आदमपुर बस अड्डा से गिरफ्तार कर लिया। उनके तीसरे साथी संदीप को पुलिस पूछताछ के लिए भिवानी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। उस दौरान उनसे माल की बरामदगी और फरार साथियों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जाएगी।
दादरी जिले में इन वारदात को दिया अंजाम
गिरोह ने नौ जनवरी की रात रासीवासिया मार्केट की दो दुकानों के शटर उखाड़कर तांबे की तारों समेत हुक्का और बैटरी चोरी की ली थी। इसके अलावा 26 जनवरी की रात बधवाना बस अड्डा पर ज्वेलर्स समेत पांच दुकानों को अपना निशाना बनाया था।
आरोपी भजन पर ये 23 मामले हैं दर्ज
1- 12 जनवरी 2008 को उकलाना थाने में केस दर्ज हुआ।
2- 22 जनवरी 2010 को रेवाड़ी के बावल थाने में केस दर्ज हुआ।
3- 11 मई 2010 को आदमपुर थाने में 174-ए के तहत केस दर्ज हुआ।
4- 23 जनवरी 2011 को दादरी सदर थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
5- 10 फरवरी 2011 को सिरसा के डिंग थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
6- 16 फरवरी 2011 राजस्थान के बीछवाला थाने में केस दर्ज हुआ।
7- नौ मई 2011 को बेरी थाने में केस दर्ज हुआ।
8- 30 नवंबर 2011 को बरवाला थाने में लूट और सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ।
9- 10 दिसंबर 2011 को बेरी थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
10- 30 दिसंबर 2014 को तोशाम थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
11- 19 मई 2015 को दादरी थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
12- 27 मई 2015 को अटेली थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
13- 14 सितंबर 2015 को आदमपुर थाने में 174-ए के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
14- 2 मई 2017 को कलानौर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ।
15- 20 अप्रैल 2018 को भुना थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
16- चार मई 2018 को जींद के जुलाना थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
17- 17 मई 2018 को पंजाब के धर्मगढ़ में चोरी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ।
18- 20 मई 2018 को उकलाना थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
19- सात सितंबर 2018 को पंजाब के पातड़ा थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
20- 2019 में बहरोड़ थाने में सशस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ।
21- 24 मई 2020 को लोहारु थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ।
22- 16 जून 2020 को लोहारु थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ।
23- 4 फरवरी 2020 को हिसार थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ।
2021 में की हैं ये वारदात
1- पांच जनवरी की रात महेंद्रगढ़ में सतनाली मोड़ से तीन दुकानों से तांबे के तार चोरी किए।
2- 16 जनवरी की रात महेंद्रगढ़ के सतनाली रोड से तीन दुकानों से टायर व तांबे के तार चुराए।
3- 21 जनवरी को महेंद्रगढ़ में नारनौल रोड से तांबे के तार और पीतल का स्क्रेप चोरी किया।
4- 30 जनवरी को महेंद्रगढ़ के पड़तल गांव अड्डे पर दुकान से तांबे के तार चोरी किए।
5- 30 जनवरी की रात झज्जर जिले के बहू गांव में दुकान से तांबे के तार चोरी किए।
6- 23 पुरवरी की रात बहू अड्डा स्थित एक दुकान से तांबे के तार चोरी किए।
7- 29 जनवरी की रात रेवाड़ी के बरेली कलां गांव स्थित चार दुकानों से तांबे के तार चुराए।
8- 8 मार्च को पलवल बस अड्डा के समीप स्थित दुकानों से तांबे के तार चुराए।
9- 13 मार्च को राजस्थान के हनुमानगढ़ की बिजारणीया मार्केट से टायर चोरी किए।
आरोपी भजन एक मामले में पीओ था और इसके चलते हमें उसकी तलाश थी। उसे ट्रेस कर गिरफ्तार करने के बाद चोरी की इन वारदात का खुलासा हुआ। इस तरह चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में कामयाब रहे। अभी इनसे और भी माल की बरामदगी की जानी है।
- विनोद कुमार, एसपी