चरखी दादरी। शहर में इन दिनों बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर बनती जा रही है। शहर के मुख्यमार्गों, बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक में दिनभर बेसहारा पशु मंडराते रहते हैं। वहीं अब रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तक भी बेसहारा पशु पहुंचने लगे हैं। बेसहारा पशु जहां स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते रहते हैं, वहीं ट्रेनों के आवागमन के दौरान भीड़ होने पर यहां हादसा होने का खतरा भी बना रहता है।
परिसर में आए यात्रियों ने रेल प्रबंधन से इन पशुओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ यात्री भी सुरक्षित रह सकें।
बता दें कि दादरी रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण व नवीनीकरण के लिए साढ़े 13 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई थी, लेकिन परिसर में घूम रहे बेसहारा पशु रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि जब स्टेशन के सुंदरीकरण पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च की गई है, तो सुरक्षा के लिए भी इंतजाम करने चाहिए।