बाढड़ा। प्राइवेट बसों में छात्र-छात्राओं के बस पास मान्य नहीं करने से खफा छात्रों ने सोमवार को नांधा बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। छात्रों ने प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी पर रोष जाहिर किया और कार्रवाई की मांग की। वहीं, जाम की सूचना मिलते ही बाढड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित छात्रों को शांत कर जाम खुलवाया।
छात्र मंजीत, संदीप, शिव कुमार, हरिओम, आशीष, जगनलाल, बंसल, रतन आदि ने बताया कि गांव से बाढड़ा व सतनाली कॉलेज व स्कूलों में जाने वाले छात्रों के पास रोडवेज का बस पास होने पर भी प्राइवेट बस चालक उन्हें बस में नहीं बैठाते। उन्होंने बताया कि प्राइवेट बस चालक बीच रास्ते में ही छात्रों को बस से नीचे उतार देते हैं। यह सिलसिला कई दिनों से चल रहा है, लेकिन अब तक अधिकारियों ने उनकी मनमानी पर रोक नहीं लगाई है। इसके चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को इस मामले में गुस्साए छात्रों व ग्रामीणों ने गांव नांधा बस स्टैंड पर आधा घंटे तक जाम लगाया। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि प्राइवेट बस संचालक छात्रों के साथ प्रतिदिन झगड़ा करते हैं। उनकी बात सुनने के बाद पुलिस टीम ने रोडवेज अधिकारियों के जरिये समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। पुलिस टीम के आश्वासन से संतुष्ट होकर विद्यार्थियों व ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। एएसआई विशाल ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराने के बाद ही वापस लौटी।