रात को मौके पर पहुंचे एसडीओ से बात करते हुए ग्रामीण। ग्रामीण
- फोटो : 1
चरखी दादरी। गांव मिसरी में बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। गांव की बिजली लाइन का तार टूटने से लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 11:30 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। यह जाम करीब ढाई बजे तक जारी रहा जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में बिजली का तार टूटने के बाद बार-बार शिकायत करने के बावजूद समय पर कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उमस भरी गर्मी और बिजली नहीं होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। कई घंटे इंतजार के बाद भी जब बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।
जाम के कारण देर रात तक सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद ग्रामीण बिजली निगम के अधिकारियों को बुलाने और तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अधिकारियों के आने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद रात करीब दो बजे बिजली निगम के एसडीओ अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या का समाधान जल्द कराने व टूटी हुई लाइन की तत्काल मरम्मत करवाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब ढाई बजे जाम खोल दिया।