चरखी दादरी में जिला राजस्व अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और
चरखी दादरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों ने वीरवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने धरना देने के साथ जिला प्रशासन को सरकार के नाम मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन के जरिये उन्होंने समस्याओं का समाधान कर लंबित मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान राजवंती फौगाट ने प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि मार्च 2018 में सरकार के साथ हुए समझौते में कुशल अर्द्धकुशल कर्मचारी का दर्जा देने की मांग पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों के खाली पदों को भरा जाए। पदाेन्नति का लाभ दिया जाए। चार साल से बकाया राशि का भी भुगतान किया जाए। ज्ञापन के जरिये सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 50 लाख रुपये का बीमा करवाने और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का लाभ भी दिलाने की मांग की गई।
राजवंती ने बताया कि प्ले स्कूल में कार्य करने वाली कार्यकर्ता को जेबीटी का दर्जा देने और साफ राशन पहुंचाने की मांग भी की गई। धरनास्थल पर जिला सचिव चांद कौर, सर्कल प्रधान राजवंती घसौला, दया कौर, दर्शना देवी, सुनीता, सुनीता, कमला, सरिता, सुशीला, मुनेश आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायक मौजूद रहीं।