विधानसभा सत्र में बोलते हुए विधायक सुनील सांगवान।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, खेल, सिंचाई व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की।
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि केंद्र सरकार की एसएससी की तरह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का भी वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को पहले से पता रहे कि किस पद की परीक्षा कब होगी और वे उसी अनुसार तैयारी कर सकें।
पीजी कॉलेज के लिए 16 करोड़ का बजट मांगा : विधायक सुनील सांगवान ने दादरी में स्वीकृत पीजी कॉलेज के निर्माण कार्य में आ रही वित्तीय बाधा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि एचएसवीपी ने खेल विभाग से कॉलेज निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये की राशि मांगी है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि यह राशि शीघ्र जारी की जाए, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षित कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा हो सके।
खेल स्टेडियम दुरुस्त करने की उठाई मांग : ग्रामीण क्षेत्रों में खेल स्टेडियमों की स्थिति पर विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि मरम्मत और खेल उपकरणों की व्यवस्था तो हो रही है, जबकि सबसे बड़ी समस्या मिट्टी भराई की है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह कार्य पंचायत विभाग के बजाय खेल विभाग को सौंपा जाए, ताकि स्टेडियम का निर्माण एक ही एजेंसी के माध्यम से समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।