बाढड़ा। गांव कारीदास में शामलात जमीन का मेरा फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फर्जी तरीके से पंजीकरण करवा 1,21,863 रुपये की भावांतर राशि हड़पने का मामला सामने आया है। उपायुक्त कार्यालय में आई शिकायत की जांच में खुलासा होने के बाद बाढड़ा थाना पुलिस ने व्यापारी अशोक और सात अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में से चार महिलाएं हैं।
इस संबंध में गांव कारीमोद निवासी अनिल कुमार, कपूर सिंह, हवा सिंह व प्रशांत ने उपायुक्त कार्यालय में एक शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि खरीफ सीजन 2022 में एक अनाज व्यापारी व कुछ अन्य लोगों ने मिलकर गांव की 94 एकड़ पंचायत जमीन का फर्जी तरीके से मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया था।
शिकायत में आरोप है आरोपियों ने बाजरा की भावांतर स्कीम का लाभ उठाने के लिए बिना ओटीपी के यह पंजीकरण करवाया था। इसके बाद मुआवजा प्राप्त कर लिया। इन किसानों की सूची महानिदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पंचकूला की ओर से भी मांगी गई थी।
शिकायत की जांच करने पर फर्जीवाडे़ का खुलासा हुआ। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार सुमित्रा ने फर्जीवाड़ा कर 36,148, मोनू ने 14,742, मंजू ने 9,679, अंजू ने 3,352, धर्मेंद्र ने 42,336, राजेश ने 9,882 और सरिता ने 7,524 रुपये हड़प लिए।