चरखी दादरी। पिछले एक सप्ताह से गर्मी अपना प्रकोप दिखा रही है। तापमान बढ़ने का असर सीधे तौर पर स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो सिविल अस्पताल में त्वचा रोग ओपीडी 40 फीसदी तक बढ़ गई है। प्रतिदिन 100 से ज्यादा मरीज उपचार करवाने पहुंच रहे हैं।
बुधवार को क्षेत्र में गर्म हवाओं का प्रकोप बना रहा। सूर्य की तपिश दिनभर रही। अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम 31 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार के मुकाबले अधिकतम तापमान तो स्थिर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली। गर्मी से आम जन जीवन बेहद प्रभावित हो रहा है। गर्मी से शरीर में लगातार पसीना बहने से त्वचा रोग बढ़ने शुरू हो गए हैं। चिकित्सकों ने इस मौसम में स्वास्थ्य के साथ त्वचा का ध्यान रखने की हिदायत जारी की है।
सिविल अस्पताल की बात करें तो सामान्य दिनों में प्रतिदिन 55 से 60 मरीज त्वचा संबंधी बीमारियों का उपचार करवाने पहुंचे थे, लेकिन पिछले 7 दिनों में सिविल अस्पताल में त्वचा संबंधी बीमारियों का उपचार करवाने के लिए 700 से अधिक मरीज पहुंचे हैं। ऐसे में स्पष्ट है कि त्वचा रोग की ओपीडी इस समय करीब 40 फीसदी तक बढ़ी हुई है।
अगले 5 दिनों में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया पिछले एक सप्ताह से मौसम असामान्य और प्रतिकूल बना हुआ है। पश्चिमी मरुस्थलीय उष्ण और शुष्क गर्म हवाएं चल रही हैं। बीच-बीच में हल्की दक्षिणी-पूर्वी नमी युक्त हवाएं चलने से हीट क्लाउड भी देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी रही है। उन्होंने बताया कि दादरी में आगे दिन और रात के तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके मद्देनजर चरखी दादरी के लिए रेड अलर्ट जारी रहेगा।
हीट वेव के दौरान इन बातों का रखें ख्याल
धूप में बाहर न निकलें। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। जब बाहर का तापमान ज्यादा हो तो भारी शारीरिक गतिविधि न करें। शराब, चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स के सेवन से बचें। हाई प्रोटीन वाले भोजन और बासी भोजन का सेवन न करें। पार्किंग में पार्क किए गए वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़े।
लू लगने पर रखें ध्यान
. प्रभावित को ठंडी जगह रखें और शरीर को गीले कपड़े से बार-बार पोंछे।
. शरीर के तापमान को कम करने के लिए सामान्य तापमान का पानी सिर पर डालें।
. व्यक्ति को पीने के लिए ओआरएस या नींबू पानी नियमित अंतराल पर देते रहे।
. शारीरिक तकलीफ महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक के पास पहुंचकर परामर्श लें।
तापमान का पूर्वानुमान
वार- अधिकतम- न्यूनतम
वीरवार-44-31
शुक्रवार-44-31
शनिवार- 46-31
रविवार-47-32
सोमवार-47-32
मंगलवार-47-32
गर्मी के प्रकोप के चलते त्वचा रोग ओपीडी बढ़ी हुई है। लोगों से अपील है कि इस समय मौसम में त्वचा का विशेष ध्यान रखें। किसी प्रकार की तकलीफ महसूस होते ही तत्काल चिकित्सक के पास पहुंचकर परामर्श लें। - विजय मेहरा, त्वचा रोग विशेषज्ञ, सिविल अस्पताल।