बाढड़ा। स्वीप टीम ने शनिवार को गांव गोठड़ा और संतोखपुरा में जाकर ग्रामीणों को मतदान के लिए जागरूक किया। राजकीय माध्यमिक विद्यालय गोठड़ा में आयोजित कार्यक्रम में स्वीप टीम के सदस्य मास्टर सुंदरपाल फौगाट ने बताया कि कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को मताधिकार की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को मतदान के फायदे बताए गए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्येक बालिग को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहिए। चुनाव में मतदान करना हर बालिग के लिए जरूरी है। हरपाल आर्य ने ग्रामीणों से कहा कि संविधान और लोकतंत्र ने देश के हर बालिग नागरिक को मतदान का मौलिक अधिकार प्रदान किया है। इसलिए हमें हर हाल में मतदान कर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम सभी को पांच साल में केवल एक बार ही केंद्र सरकार और उसके नुमाइंदों को चुनने का मौका मिलता है। इस दौरान हम अपने मत के जरिये जिनको चुनते हैं, वही हमारे लिए विकास योजनाओं का निर्धारण करते हैं। उन्होंने सभी से देश की तरक्की और कामों में भी योगदान देने के लिए सभी से मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्याध्यापक सतीश कुमार ने की। इस दौरान बीएलओ रतन सिंह, सतपाल, सतीश आदि टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे।