चरखी दादरी। सर्वजातीय अठगामा खाप घसौला की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को प्रधान परमानंद सेवानिवृत डीएफओ की अध्यक्षता में गांव घसौला के पंचायत भवन में हुई। इसमें सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सामाजिक बुराइयों जैसे लिव-इन रिलेशनशिप, माता-पिता की सहमति के बिना लव मैरिज करना, गांवों में ऊंची आवाज में डीजे बजाना, गांवों में पानी की बर्बादी करना, विभिन्न प्रकार के नशों को बढ़ावा देना, गांवों में नशीली वस्तुओं की बिक्री करना आदि को जड़ से खत्म करने और रोक लगाने पर जोर दिया गया व इनकी समीक्षा भी की गई।
समीक्षा में पाया गया कि गांव खेड़ी सनवाल में 100 प्रतिशत पाबंदी लगा रखी है तथा अन्य गांवों में भी 60 से 80 प्रतिशत तक कंट्रोल हुआ है। इसमें गांवों की पंचायतों, मौजिज लोगों व प्रशासन का पूरा सहयोग मिला है। इसके अतिरिक्त शिक्षा, खेल व अन्य सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया।
बैठक में बताया गया कि खाप के प्रतिनिधि गांव-गांव जाकर उपरोक्त विषयों पर लोगों से मिलकर और प्रभावशाली ढंग से विचार करके लागू करने का प्रयास करेंगे तथा सम्मान समारोह भी आयोजित करेंगे।
बैठक में कुलदीप उपप्रधान गोठडा, करतार सिंह सचिव संतोखपुरा, सुमेर सिंह ऑडिटर, जगदीश गोठडा, दिनेश मास्टर गोठडा, रामफल, सुबेदार अनार सिंह, सोनू, चन्द्रभान संतोखपुरा, करतार सिंह, जगबीर बलकरा, बबलू प्रधान खेड़ी सनवाल, फते सिंह, बबलू महराणा, कृष्ण रामनगर, सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह आदि ने भाग लिया।