चरखी दादरी। राजस्थान के सरसों से दादरी के तेल मिल संचालक चांदी कूट रहे हैं। मार्केटिंग फीस की चोरी करते हुए बिना रिकॉर्ड में चढ़वाए सरसों से भरे ट्रक इन तेल मिलों में खाली करवाए जा रहे हैं। बीती रात एक तेल मिल में राजस्थान से आई सरसों से लदे पांच ट्रक पकड़े गए। सीआईए-1 ने सरसों से भरे ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, इस सबके पीछे मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
जिले के तेल मिल संचालकों के मार्केटिंग फीस की चोरी करने के पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। पिछले दो खरीद सीजनों से सीएम फ्लाइंग तक सरसों सीधे मंडी में पहुंचने के मामले पकड़ चुकी है। इतना ही नहीं चंडीगढ़ से अधिकारी भी ये मामले संज्ञान में आने के बाद जांच के लिए दादरी पहुंचकर मिल संचालकों पर मोटा जुर्माना भी लगा चुके हैं। पिछले सीजन में भी कड़ी कार्रवाई की गई थी लेकिन इस सीजन में हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं।
पांच ट्रकों में सरसों, छठे में ग्वार
सूत्रों के अनुसार पुलिस की गुप्तचर शाखा की सूचना के आधार पर बुधवार सुबह पुलिस ने राजस्थान से सीधे मिलों में आए ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया। पांच ट्रकों में सरसों मिली जबकि रामनगर के समीप रुकवाए गए छठे ट्रक में 420 बैग ग्वार मिली।
44.25 रुपये प्रति क्विंटल है मार्केट कमेटी की फीस
जो पांच ट्रक सरसों से भरे राजस्थान से आए हैं उनसे लगभग एक लाख 31 हजार 800 किलोग्राम सरसों मिली है। इनका बाकयदा जय शिवशंकर धर्मकांटा पर वजन कराया गया और वजन की पर्ची के आधार पर सरसों की मात्रा का पता चल पाया है।
मार्केटिंग बोर्ड की टीम ने लगाया जुर्माना
मार्केटिंग फीस की चोरी का मामला उजागर होने के बाद भी मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी हरकत में आए। इससे पहले उन्होंने सरसों सीधे मिलों में जाने से रोकने के लिए कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए। मार्केट कमेटी सचिव सुरेश खोखर ने मिल संचालकों पर जुर्माना लगाने के साथ सरसों की मार्केटिंग फीस भी भरवाई है। वहीं, एक्साइज विभाग की टीम भी जांच के लिए मिल पर पहुंची।
ट्रक पर लगाया लॉकडाउन-एक का अनुमति पत्र
सरसों और ग्वार से भरे जो ट्रक पकड़े गए हैं उन पर जयपुर के पुलिस महानिदेशक का अनुमति पत्र भी चस्पा मिला है। अनुमति पत्र की पड़ताल के दौरान सामने आया कि यह गत 25 मार्च को जारी किया गया था। इस पत्र पर मालवाहक वाहनों को न रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस पत्र पर नीचे पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र सिंह के हस्ताक्षर है।
मिल में खाली हो गए थे दो ट्रक
प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो मंगलवार रात अवैध रूप से सरसों खरीद का मामला पकड़ में आया है। टीम जब तक मकडानिया ऑयल मिल (बधवाना नहर के समीप) पहुंचती तब तक दो ट्रक खाली भी किए जा चुके थे। वहीं, ग्वार से भरा एक ट्रक रामनगर गांव के समीप से पकड़ा गया। ट्रक चालक का मोबाइल और चाबी भी टीम अपने साथ ले गई।