चरखी दादरी। जिले की सीमा में बनने वाले या प्रस्तावित प्रत्येक नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के साथ सर्विस रोड व पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कोई भी एजेंसी सर्विस रोड व पानी निकासी के प्रावधान के बिना किसी भी सड़क का डिजाइन न बनाए। प्रस्तावित एवं नए बनने वाले मार्गों में किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
ये बात लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने बुधवार को दादरी के लघु सचिवालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले अनुभव के आधार पर देखा गया है कि बरसात अधिक हो रही है और नए-नए क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है। यह भी देखने में आया है कि नए बनने वाले मार्गों के साथ पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होती, इसके कारण एक तरफ पानी भरने पर उसे निकालना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सड़क मार्ग बनाने वाली सभी एजेंसियां सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रस्तावित या नए बनने वाला नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के साथ आबादी क्षेत्र में सर्विस रोड जरूर हो और दोनों तरफ पानी निकासी की व्यवस्था हो।
सांसद ने एजेंडों के अनुसार संबंधित विभागों से कार्यों व योजनाओं पर चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनएच 148बी पर कितलाना के पास काफी समय से हालात खराब हैं, ऐसे में लोगों से टोल लेना बेमानी है। उन्होंने निर्देश दिए कि रोड की इस हालत के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ जिला प्रशासन मंत्रालय को पत्र लिखे।
उन्होंने कहा कि नई योजना के अनुसार ग्रामीण विकास के लिए सभी विभागों को एक साथ मंत्रणा करके परियोजना तैयार करनी है। योजना तैयार करने से पहले संबंधित गांव की ग्राम सभा में उसको जरूर स्वीकृत करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य को चरखी दादरी जिले में सबसे पहले अमलीजामा पहनाया जाए।
सांसद ने कहा कि स्वच्छता के साथ सुखद वातावरण बनाने में प्रत्येक आमजन सहयोगी बनें। इसके लिए सरकार की ओर से लोगों को विभिन्न गतिविधियों से जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनसेवा को समर्पित होकर विकास कार्य करवा रही है। ऐसे में विभागीय अधिकारी अपने लक्ष्य निर्धारित करते हुए विकासात्मक स्वरूप के साथ जनसेवा में सहभागी बनें। आपसी तालमेल व समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को मूर्त रूप दें।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विभाग अनुसार समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने सांसद को अवगत करवाते हुए बताया कि सर्दी और धुंध के मद्देनजर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। विभागों को सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने, सड़कों पर सफेद पट्टी, स्ट्रीट लाइटें, कैट आई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
-ये रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास, चेयरमैन सुधीर चांदवास, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर, सीईओ जिला परिषद डाॅ. विरेंद्र सिंह, एसडीएम आशीष सांगवान आदि भी मौजूद रहे।