नितिका गहलोत की जगह वर्ष 2018 बैच की आईपीएस पूजा वशिष्ठ को दादरी जिला पुलिस की कमान सौंपी है। पूजा ने सोमवार को दादरी एसपी का कार्यभार संभाल लिया। वह बायोटेक इंजीनियर हैं। इससे पहले पूजा सेंट्रल फरीदाबाद में डीसीपी थीं और बतौर एसपी दादरी में पहली उनकी तैनाती है। उनके रूप में दादरी को तीसरी महिला एसपी मिलीं हैं। नवनियुक्त एसपी पूजा का कहना है कि दादरी जिले में पुलिस लाइन का निर्माण करवाना, यातायात व्यवस्था में सुधार लाना और महिलाओं के विरुद्ध अपराध में कमी लाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
फरीदाबाद से स्थानांतरित होने के बाद पूजा सोमवार को दादरी पहुंची। लघु सचिवालय में गार्द सलामी देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर डीएसपी देशराज सिंह, डीएसपी विनोद शंकर व डीएसपी नरेंद्र सिंह सहित थाना प्रभारी व शाखा इंचार्ज मौजूद रहे।
कार्यभार संभालते ही एसपी पूजा ने डीएसपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ विचार विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों से उनके क्षेत्र की जानकारी ली और जिले की सुरक्षा संबंधी हिदायत देकर सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सुरक्षा संबंधी जानकारी लेकर अपराध को नियंत्रित रखने के आदेश भी दिए।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जिले को अपराध मुक्त करने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए सिरे से सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएंगे और सुरक्षा मामले में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि दादरी जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने और शहर काे महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके साथ ही डीएसपी व अन्य अधिकारियों को भी सभी अधीनस्थों से सुरक्षा प्रबंधों का ब्योरा लेने के निर्देश दिए।
तत्काल दर्ज की जाएगी फरियादियों की एफआईआर
एसपी पूजा वशिष्ठ ने कहा कि पीड़ितों की फरियादों को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर उन्हें जल्द न्याय दिलवाया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पहलुओं पर गहनता से विचार विमर्श किया। एसपी ने कहा कि आमजन के साथ बैठक कर उनका सहयोग लिया जाएगा और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- पानीपत और हिसार में भी दे चुकीं सेवाएं
दादरी की एसपी पूजा वशिष्ठ वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा बेंगलूरू से प्राप्त की। वे पानीपत जिले के समालखा और हिसार में बतौर एएसपी सेवाएं दे चुकी हैं।