डालावास गांव के पास रोड के किनारे खड़ी हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ी। संवाद
फोटो-10
मृतक संदीप। स्रोत : परिजन
- गांव डालावास में शुक्रवार रात हुआ हादसा, माता-पिता के इकलौते बेटे थे हंसावास कलां निवासी संदीप
अधिवक्ता पिता के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/बाढड़ा। दादरी-बाढड़ा रोड स्थित डालावास गांव के पास शुक्रवार रात ट्राॅले ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में हंसावास कलां निवासी कार चालक अधिवक्ता संदीप (30) की मौत हो गई। संदीप के पिता सुरेंद्र व साथी सुनील के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपी ट्राॅला चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में पिता सुरेंद्र ने बताया कि संदीप उनकी इकलौती संतान थे। 8 साल से दादरी कोर्ट में वकालत कर रहे थे। शुक्रवार रात को वह कार से घर लौट रहे थे। इस दौरान जब वह डालावास में मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आए ट्राॅले ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई।
इसके बाद आरोपी चालक ट्राॅला मौके पर छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने संभाला तो संदीप घायल अवस्था में थे। सूचना के बाद परिजन उन्हें नागरिक अस्पताल में ले आए। अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी। रात को पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए दादरी शवगृह में रखवा दिया। बाढड़ा थाना जांच अधिकारी एएसआई सोमबीर ने कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। संदीप शादीशुदा थे। उनकी एक संतान है।