अमर उजाला विशेष:
फोटो 07
चरखी गांव में डाली गई पेयजल लाइन। संवाद
फोटो 08
चंपापुरी जलघर में निर्माणाधीन बड़ा पानी भंडारण टैंक। संवाद
::::::::::::::
पौने तीन साल से चल रहा काम, बीच-बीच में बाधाएं आने पर पड़ा रोकना, अब पूरा होने पर साढ़े 5 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में जल जीवन मिशन योजना का काम 99 प्रतिशत पूरा हो गया है। पिछले करीब पौने तीन साल से यह काम चल रहा है। इसके तहत एक लाख 60 हजार मीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जानी है। योजना पूरी होने में देरी का कारण कई बार काम रुकना है। कभी पाइप नहीं पहुंचे तो कभी मानसून सीजन व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइडलाइन की वजह से रोकना पड़ा।
जल जीवन मिशन योजना के तहत जलघरों की मरम्मत, नई पाइपलाइनें बिछाने व नए कनेक्शन जारी करने का काम किया गया है। ताकि, हर घर तक नल से पानी पहुंच सके। यह योजना केंद्र सरकार की है। अब आने वाले गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस योजना के तहत कुछ नए जलघरों का भी निर्माण हुआ है। झोझूकलां में नया जलघर बना है। गांव महराणा सहित अन्य गांवों में काम जारी है। पुराने जलघरों की पेयजल क्षमता बढ़ाई गई है। जर्जर हो चुकीं पाइपलाइनों को बदला गया है।
जिले में करीब 20 जलघर ऐसे थे जो 45 साल पुराने थे। इनमें लगी मोटरें भी जवाब दे चुकी थीं। इन गांवों में आबादी भी इस दौरान काफी बढ़ी। अब इन गांवों में पेयजल क्षमता बढ़ाई गई है। नई पाइपलाइनें बिछाई गई हैं। मेन लाइनों से अवैध कनेक्शन भी काटे गए हैं।
- शहरी पेयजल परियोजना पर भी चल रहा काम
शहर में भी जलघरों की पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाई जा रही है। 115 करोड़ की पेयजल परियोजना के तहत यह काम होना है। इसके तहत टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है। चंपापुरी जलघर में एक बड़ा टैंक बनाकर तैयार किया जा चुका है।
- 167 गांवों में बिछाई गई पाइपलाइन
जल जीवन मिशन योजना के तहत शहर व गांवों में हर घर नल की सुविधा मुहैया होनी है। यह योजना 2022 में शुरू की गई। बीच-बीच में बाधाएं आने पर काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। पाइपों की समस्या बनी रही। विभाग की ओर से एक लाख 60 हजार मीटर लंबी पाइप जरूरत के अनुसार 167 गांवों में बिछाई गई है।
- साढ़े 5 लाख की आबादी को ऐसे होगा फायदा
जल जीवन मिशन योजना का लाभ शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। योजना पर अब जल्द काम पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद जिले की करीब साढ़े 5 लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। इसमें 90 हजार की शहरी और साढ़े चार लाख से अधिक की ग्रामीण आबादी शामिल है।
वर्सन:
इस मिशन का विभाग ने 99 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। इससे पेयजल आपूर्ति में व्पापक स्तर पर सुधार आएगा। पेयजल क्षमता भी बढ़ाई गई है।
-मोहनलाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग