चरखी दादरी। करीब डेढ़ माह के लंबे इंतजार के बाद वीरवार से जिले के 527 राजकीय और निजी स्कूलों में पहली से बारहवीं तक की कक्षाएं लगीं। ज्यादातर स्कूलों में छात्रों ने गेट पर जमीन को नमन कर स्कूल में प्रवेश किया। कक्षा में पहुंचने से पहले प्रत्येक विद्यार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। पहले दिन की अगर बात करें तो राजकीय स्कूलों में 24 फीसदी तो निजी स्कूलों में 75 प्रतिशत छात्र संख्या रही। वहीं, शिक्षा विभाग ने सभी निजी स्कूलों से भी उपस्थित छात्र संख्या का ब्यौरा मांगा है।
जिले में 369 राजकीय और 158 निजी स्कूल हैं। राजकीय स्कूलों में पहली से बारहवीं तक विद्यार्थियों की संख्या 69585 है जबकि प्राइवेट स्कूलों में भी करबी 40 हजार से अधिक विद्यार्थी हैं। वीरवार से पहली से बारहवीं तक की कक्षाएं शुरू होने पर संवाददाता ने शहर के पांच अलग-अलग राजकीय स्कूलों में जाकर छात्र संख्या और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्र संख्या तो कम पाई गई, लेकिन कोरोना से बचाव के प्रबंध पुख्ता मिले। इन पांचों स्कूलों में 1771 विद्यार्थी हैं जबकि पहले दिन 748 ही हाजिर रहे।
राजकीय और निजी स्कूलों में प्रवेश करते ही विद्यार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। वहीं, क्लासरूम में भी मास्क और सोशल डिस्टेसिंग का ख्याल रखा गया। स्कूल खुलने पर शिक्षक ही नहीं, बल्कि विद्यार्थी और अभिभावक भी संतुष्ट हैं। अभिभावकों का कहना है कि लंबे समय से स्कूल बंद होने के चलते बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा था। डीईओ जयप्रकाश सभ्रवाल ने बताया कि सभी स्कूलों से छात्र संख्या का ब्यौरा विभाग ने मांगा है। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों को कोरोना नियमों की पूर्णतया पालना की हिदायत पहले ही जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में प्रबंधों का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
जानिए... शहर के किस स्कूल में कितनी रही छात्र संख्या -
- केस-1 : रेलवे गेट प्राइमरी मॉडल स्कूल -
रेलवे गेट प्राइमरी मॉडल स्कूल में 184 विद्यार्थी हैं और वीरवार को इनमें से 22 ही स्कूल में पहुंचे। पहली कक्षा में चार, दूसरी में पांच, तीसरी में दो, चौथी में छह और पांचवीं में पांच विद्यार्थी उपस्थित रहे। सुबह के समय प्राथमिक पाठशाला को सैनिटाइज भी किया गया।
- केस -2 : शहीद दलबीर सिंह राजकीय स्कूल -
इस स्कूल में छठीं से बारहवीं तक छात्र संख्या 914 है, जिनमें से 301 विद्यार्थी उपस्थित रहे। छठी कक्षा में 103 में से 14, सातवीं कक्षा में 91 में से 11, आठवीं कक्षा में 97 में से 11, नौंवी कक्षा में 120 में से 32, दसवीं कक्षा में 133 में से 33, ग्यारहवीं कक्षा में 270 में से 123 और बारहवीं कक्षा में 200 में से 77 विद्यार्थी हाजिर रहे।
- केस -3 : राजकीय प्राथमिक कन्या पाठशाला -
कोर्ट परिसर के पिछली तरफ स्थित राजकीय प्राथमिक कन्या पाठशाला में छात्र संख्या 194 हैं और वीरवार को इनमें से 39 विद्यार्थी ही पाठशाला पहुंचे। पहली कक्षा में 38 में से आठ, दूसरी कक्षा में 49 में से 9, तीसरी कक्षा में 29 में से तीन, चौथी कक्षा में 42 में से 10 और पांचवीं कक्षा में 35 में से 9 विद्यार्थी ही उपस्थित हुए।
- केस:4- बधवाना गेट प्राथमिक पाठशाला
बधवाना गेट प्राथमिक पाठशाला में छात्र संख्या 144 है जबकि 26 विद्यार्थी एनजीओ के भी यहां आते हैं। वीरवार को यहां 75 विद्यार्थी ही हाजिर रहे। पहली कक्षा में 27 में से 10, दूसरी में 34 में से 9, तीसरी में 28 में से 6, चौथी में 29 में से सात और पांचवीं में 25 में से पांच ही विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। यहां वीरवार को 20 बच्चे एनजीओ के भी पहुंचे।
- केस:5- काठमंडी राजकीय कन्या स्कूल
काठमंडी स्थित राजकीय कन्या स्कूल में छठीं से बारहवीं तक छात्राओं की संख्या 940 है और इनमें से 333 वीरवार को स्कूल पहुंची। छठीं कक्षा में 100 में से 12, सातवी में 95 में से 22, आठवीं में 108 में से 51, नौंवी में 125 में से 22, दसवीं में 130 में से 62, ग्यारहवीं में 235 में से 94 और बारहवीं में 147 में से 70 छात्राएं हाजिर रहीं।
-----
वर्जन ::
सभी स्कूलों को हमने कोरोना गाइडलाइन का ख्याल रखकर ही कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए हुए हैं। विभाग ने पहले दिन की छात्र संख्या का ब्यौरा भी स्कूलों से मांगा है। यह डाटा हम मुख्यालय भेजेंगे। राजकीय स्कूलों में पहले दिन करीब 24 फीसदी छात्र संख्या रही।
- जयप्रकाश सभ्रवाल, डीईओ, चरखी दादरी।
-----
वर्जन ::
जिले में करीब 158 निजी स्कूल हैं और पहले दिन ज्यादातर स्कूलों में 75 फीसदी से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे। निजी स्कूलों में कोविड गाइडलाइन का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। स्कूल खुलने से शिक्षकों के अलावा विद्यार्थी और अभिभावक भी खुश हैं।
सुरेश सांगवान, जिला प्रधान, प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन
---