दादरी में एनएच-152 डी के पास धरनास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते वक्ता।
चरखी दादरी। किसान आंदोलन के समर्थन में एनएच-152 डी के पास जनसंगठनों का बेमियादी धरना सोमवार को 18वें दिन भी जारी रहा। फौगाट खाप के सचिव सुरेश ने बताया कि धरनास्थल पर मौजूद लोगों को किसानों के खिलाफ योजनाएं बनाने वाले राजनेताओं का बहिष्कार करने की शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
पूर्व विधायक रण सिंह मान ने कहा कि इस सरकार ने किसानों को एमएसपी नहीं दिया। यहां पात्र जवानों को अग्निवीर बनाकर पेंशन बंद कर दी। उन्होंने कहा कि देश को कर्जवान बना दिया। इसलिए ईवीएम में विपक्षी प्रत्याशी के चुनाव निशान का बटन दबाकर जनाक्रोश जताने का आह्वान किया गया।
धरने की अध्यक्षता खाप फौगाट के सचिव सुरेश फौगाट, सांगवान खाप से राजेंद्र सिंह डोहकी, श्योराण खाप के प्रधान बिजेंद्र बेरला, चिड़िया-5 खाप प्रधान राजबीर शास्त्री और रामअवतार ने की। डाॅ. ओमप्रकाश, मनजीत दलाल, सुंदरिया पहलवान, रतन सिंह घिकाड़ा, ईश्वर प्रजापत, सुरेंद्र शर्मा, बिजेंद्र सांगवान, रणबीर, नरेश, विजय शर्मा आदि सोमवार को धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने धरने को समर्थन दिया।