गंदगी से अटा पड़ा दादरी शहर का नाला। संवाद
- उपायुक्त ने दिए मानसून सीजन से पहले नालों और सीवर लाइनों की सफाई सुनिश्चित करने के आदेश, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दी कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मानसून सीजन में जलभराव को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने आदेश दिया है कि मानसून सीजन में जिले के अंदर कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए विभाग सभी नालों की सफाई करना सुनिश्चित करे। इस कार्य की निगरानी भी करवाई जाएगी। अगर कहीं कोई कोताही मिलती है तो सख्त कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार जिले में मानसून सीजन में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कदम उठाए जाएं। साथ ही जिले के सभी मुख्य नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्य की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री निरंतर कर रहे हैं। लापरवाही बरतने पर संंबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलास्तर पर इस कार्य की निरंतर समीक्षा के लिए बैठक की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी नालों एवं सीवरों की सफाई करना सुनिश्चित करें। ताकि, आगामी बारिश के मौसम में शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। विभाग आपस में समन्वय बनाकर इस कार्य को करना सुनिश्चित करें, जिससे नालों एवं सीवरों की सफाई जल्द से जल्द हो सके।
- सफाई कार्य का डालना होगा फोटो
उपायुक्त ने आदेश दिए कि अधिकारी नालों की सफाई करते समय उनका जिओ-टैग फोटो एवं वीडियो सुनिश्चित करें। जिस क्षेत्र में सफाई का कार्य चले, वहां के जनप्रतिनिधियों को सूचित भी किया जाए। ताकि जनप्रतिनिधि अपने स्तर पर उस कार्य की समीक्षा कर सकें।