रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय। संवाद
- बिजली निगम ने बकाया बिल राशि जमा करवाने के लिए बार-बार दिए मौके, फिर भी 5 साल में इन उपभोक्ताओं ने एक भी रुपये नहीं कराया जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पिछले पांच साल में बिजली बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम सख्ती बरतने जा रहा है। ऐसे करीब 2,000 उपभोक्ता हैं, जिन्होंने गत 5 सालों में बिजली बिल के एवज में एक रुपया भी निगम के खाते में जमा नहीं कराया है। अब इन उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएी।
दरअसल, बिजली निगम की ओर से बार-बार मौके देने और वसूली के भरसक प्रयास करने के बाद भी इन उपभोक्ताओं की ओर से बिल अदायगी की पहल नहीं की गई। ऐसे दो हजार उपभोक्ताओं के खिलाफ अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत इनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, निगम की ओर से बिजली चोरी के मामलों में बिजली चोरी की धारा-35 के तहत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इसी प्रकार, लंबित चोरी के मामलों की वसूली को अधिकतम करने के लिए एसएचओ, आई एंड पी विंग को हरसंभव सहयोग भी करेगा।
बिजली निगम लाइन लॉस को और नीचे लाने की दिशा में भी काम कर रहा है। इस दौरान बिजली चोरों पर भी विशेष नजर है। बिजली चोरी की वजह से लाइन लॉस ज्यादा बढ़ता है। सब अरबन का लाइन लॉस 19 से 21 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। अब निगम 2000 ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्ती करने जा रहा है जो सारे प्रयत्न करने के बाद भी बिजली बिल नहीं भर रहे हैं।
- गठित की गई हैं टीमें
निगम की योजना है कि जितना हो सके रिकवरी की जाए। इसके लिए गांव स्तर पर टीमों का गठन कर रखा है। अकेले शहर में 20 टीमें इस काम में जुटी हैं। झोझूकलां डिविजन में 24 टीमें तैनात कर रखी हैं। इसी प्रकार, बाढड़ा डिविजन में भी काम शुरू है।
- 28 हजार उपभोक्ताओं पर 52 करोड़ है बकाया
जिले भर में 28 हजार उपभोक्ता डिफाॅल्टर की श्रेणी में शामिल हैं, जिनकी तरफ से 52 करोड़ रुपये बकाया है। बिजली निगम की ओर से बकाया वसूली के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, निगम ने पिछले दस सालों में जिले में बिजली आपूर्ति में काफी सुधार भी किया है। नए पावर सब स्टेशन बनाए गए हैं। ट्रांसफार्मरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पुराने पावर सब स्टेशन अपग्रेड कर इनकी क्षमता बढ़ाई गई है। ऐसे में खपत बढ़ने पर निगम ने समानांतर बिजली की क्षमता भी बढ़ाई है।
वर्सन:
दो हजार उपभोक्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई होगी। ऐसे उपभोक्ता हर संभव प्रयास करने के बाद भी राशि जमा नहीं करवा रहे हैं। निगम की करीब 60 टीमें शहर व गांवों में चोरी रोकने व बकायेदारों से वसूली के काम में जुटी हैं।
-गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम