फोटो: 11
लोहारू रोड से गुजरता ओवरलोड वाहन। संवाद
- जिले में हादसों का कारण बन रहे हैं ओवरलोड वाहन, आरटीए टीम की कार्रवाई का भी नजर नहीं आ रहा खौफ
- मई में हुए सर्वाधिक 1.22 करोड़ के चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नियमों को ताक पर रखकर जिले से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए आरटीए टीम लगातार चालान काट रही है। बावजूद इसके ओवरलोडिंग पर पूर्णतया लगाम नहीं लग पा रही है। आरटीए टीम ने पिछले तीन माह में विभिन्न मार्गों से गुजरने वाले 858 ओवरलोड वाहनों के चालान कर 3.36 करोड़ रुपये जुर्माना ठोका है।
दादरी जिले से प्रतिदिन पांच हजार से अधिक भारी वाहन भवन निर्माण सामग्री लेकर गुजरते हैं। दूसरी ओर जिले में होने वाले सड़क हादसों में से 40 फीसदी का कारण भारी व ओवरलोड वाहन बनते हैं। ऐसे में आरटीए टीम भारी वाहनों पर नजर रखते हुए कार्रवाई भी कर रही है।
विभाग की टीमों ने एक अप्रैल से 26 जून तक ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसते हुए 858 वाहनों को पकड़ा है। टीम ने वाहनों में मिले अतिरिक्त भार के अनुसार 3.36 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी की है।
जिला यातायात अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि टीम की गाड़ी लगातार मुख्य मार्गों पर गश्त कर ओवरलोड वाहनों की धर-पकड़ कर रही है। इसके अलावा, सूचना के आधार पर भी मौके पर पहुंचकर ओवरलोड वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। इसके अलावा, बाजार में घूमने वाले एक्सपायरी डेट के वाहनों पर भी कार्रवाई कर रही है।
- किस माह हुए कितने चालान व कितना लगाया जुर्माना
माह - चालान हुए - जुर्माना लगाया
अप्रैल - 208 - 99.24 लाख
मई - 368 - 1.22 करोड़
जून - 208 - 1.15 करोड़
- पिछले साल 70 लोगों ने गंवाई थी जान, 96 हुए थे घायल
पिछले साल 56 सड़क हादसों में 70 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसके अलावा, इन हादसों में 96 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। वहीं, इस साल अब तक 60 हादसे हुए हैं।
वर्सन:
हमारी टीम जिले के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर लगातार नजर रखे हुए है। टीम लगातार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के चालान कर रही है। नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है।
-मनोज कुमार, जिला यातायात अधिकारी