फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतिबंधित दवाएं बेचने की सूचना पर छह मेडिकल स्टोर पर मारे छापे

विज्ञापन
जांच चलने के दौरान मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े पुलिसकर्मी। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
प्रतिबंधित दवाएं बेचने की सूचना पर पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने वीरवार को शहर के छह मेडिकल स्टोर पर छापामारी की। इस दौरान सैंपल के तौर पर यहां से दवाएं भी ली गईं। देर रात तक विभागीय टीमें जांच में जुटी रहीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं। सिटी थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि पुलिस के पास जो शिकायत आएगी, उसी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, ड्रग्स इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर का कहना है कि जांच के लिए मेडिकल स्टोर से कुछ दवाएं ली गई हैं और फिलहाल जांच जारी है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार पुलिस प्रशासन को सूचना मिली थी कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाएं बेची जा रही हैं। पुलिस को इन मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं बेचने की सूचना भी पुलिस को मिली थी। इसके आधार पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया और उन्हें मामले की जानकारी दी गई। वीरवार दोपहर करीब चार बजे पुलिस प्रशासन और ड्रग्स कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीमों ने एकसाथ शहर के छह मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। इस दौरान डीएसपी शमशेर सिंह और सिटी थाना प्रभारी बलबीर सिंह भी मौजूद रहे। देर शाम करीब साढ़े सात बजे तक भी विभागीय टीमें मेडिकल स्टोरों पर जांच कर रही थी। ड्रग्स इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर ने बताया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि किस मेडिकल स्टोर पर क्या खामियां पाई गईं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद जहां भी खामियां पाई गईं, उसकी शिकायत पुलिस को दी जाएगी। वहीं, डीएसपी शमशेर सिंह का कहना है कि ड्रग्स कंट्रोल विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है और गुप्त सूचना के आधार पर यह छापामारी की गई है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारी पुलिस को जो शिकायत सौंपेंगे, उसी आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं टीमें
वीरवार दोपहर बाद टीम ने बस स्टैंड रोड पर न्यू गणेश मेडिकल हॉल, रोहतक मेडिकल हॉल, चांद कॉंप्लेक्स स्थित दीपांशु मेडिकल हॉल, काठमंडी स्थित न्यू यश मेडिकल हॉल, पुराना अस्पताल रोड स्थित मीना मेडिकल हॉल व अनिल मेडिकल हॉल पर दबिश दी। सभी जगह संयुक्त टीमें एक ही समय पहुंची और मेडिकल स्टोर संचालकों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
विज्ञापन

30 से अधिक पुलिसकर्मी हुए कार्रवाई में शामिल
शाम करीब चार से लेकर देर शाम साढ़े सात बजे तक भी मेडिकल स्टोरों पर विभागीय टीम जांच के लिए डटी हुई थी। इस कार्रवाई में 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। टीम के मेडिकल स्टोरों पर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने किसी संचालक को दुकान छोड़कर या बंद करके नहीं जाने दिया। वहीं, डीएसपी शमशेर सिंह खुद भी मेडिकल स्टोरों पर पहुंचे।
पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं प्रतिबंधित दवाएं
शहर के मेडिकल स्टोरों से पहले भी विभागीय टीम कई बार प्रतिबंधित दवाएं बरामद कर चुकी हैं। काठमंडी में कुछ समय पहले एक घर में छापामारी की गई थी और इस दौरान वहां से काफी तादाद में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई थीं। इसके अलावा प्रेमनगर स्थित एक मकान से भी प्रतिबंधित दवाएं बरामद की जा चुकी हैं। वहीं, अगर पिछले दो सालों की अगर बात करें तो चार मेडिकल स्टोर प्रतिबंधित दवाएं बेचने पर सील किए जा चुके हैं।
साढ़े तीन माह में भ्रूण लिंग जांच के पकड़े जा चुके हैं तीन गिरोह
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पिछले साढ़े तीन माह में भ्रूण लिंग जांच कराने वाले तीन गिरोह का भी भंडाफोड़ किया है। इन गिरोह से जुड़ी एक महिला सहित छह लोगों को काबू भी किया है। गिरोह सदस्यों के तार दिल्ली और झांसी से जुड़े मिले हैं। वहीं, इस समयाविध में एमटीपी कीट मिलने पर एक मेडिकल स्टोर भी सील किया गया है।
इस संबंध में डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ मेडिकल स्टोर संचालक प्रतिबंधित दवाएं बेच रहे हैं। इस आधार पर पुलिस विभाग और ड्रग्स कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पुराना सिविल अस्पताल के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवा बरामद हुई हैं। फिलहाल जांच जारी है। इधर, ड्रग्स इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर ने कहा कि अभी जांच चल रही है और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हम कुछ बता सकेंगे। प्रतिबंधित दवाएं बेचने की सूचना पर छापामारी की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि कहां-कहां से प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें