चरखी दादरी। नकली सोने की ईंट असली बताकर 2.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में 14 वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को अपराध शाखा-दो की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पलवल जिले के नखरोला निवासी इसराईल है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 28 जुलाई 2009 को गांव पिचौपा कलां के तत्कालीन सरपंच सुंदरलाल ने थाना बाढड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि इसराईल और नखरोला निवासी ईशा ने उन्हें और गुनेश खान को करीब 900 ग्राम वजन की नकली सोने की ईंट असली बताकर 2.50 लाख रुपये में बेच दी थी।
शिकायत के अनुसार दोनों आरोपी दोबारा 30 लाख रुपये की नकली सोने की ईंट बेचने का सौदा करने पहुंचे थे। इस दौरान शिकायतकर्ता और ग्रामीणों ने उन्हें पहचान लिया और मौके पर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान उनके कब्जे से 605 ग्राम और 815 ग्राम वजन की नकली सोने की ईंटें भी बरामद की गई थीं।
पुलिस के मुताबिक जमानत मिलने के बाद इसराईल अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने 6 दिसंबर 2012 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
सीआईए-2 की टीम ने वीरवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।