बाढड़ा। क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति पर पिस्तौल दिखाकर डराने और बेटी का अपहरण करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर बाढड़ा थाना पुलिस ने रोहतक निवासी आरोपी के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2006 में रोहतक जिले के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। दिसंबर माह से वह अपने पिता के घर रह रही है और अब उनका दादरी अदालत में घरेलू हिंसा का केस चल रहा है। 6 अप्रैल की रात नौ बजे उसका पति अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके घर आया और गेट खटखटाने लगा। जब महिला के पिता ने गेट खोला तो उसके पति ने उन पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद दोनों में गाली- गलौच के साथ हाथापाई भी हो गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने उसके पति को पकड़ लिया। लेकिन उसके दो साथी पिस्तौल लेकर मौके से फरार हो गए। उसका आरोप है कि उसका पति उस पर केस वापस लेने का दबाव बनाता है। उस रात उसने उसकी बेटी को भी उठाकर ले जाने की धमकी दी। अब उसने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।