पुलिस गिरफ्त में चोरी का आरोपी और बरामद बैटरी।
चरखी दादरी। डिपो परिसर में खड़ी नई बसों की बैटरी चोरी करने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव कालियावास निवासी अश्वनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से चुराई गई दो बैटरी बरामद कर ली हैं, जबकि उसके दो साथी अभी भी फरार हैं।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि चरखी दादरी डिपो में 2 मई को तीन नई बसें आई थीं जिन्हें कार्यशाला में खड़ा किया गया था। 4 मई को रोडवेज डिपो के कर्मचारियों ने बसों को किसी कार्य के लिए स्टार्ट करने का प्रयास किया तो स्टार्ट नहीं हुई। बसों को चेक किया गया तो तीनों बसों की बैटरी चोरी मिली।
इसके बाद पुलिस को मामले की शिकायत दी गई। जीएम प्रदीप अहलावत की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 घंटे के अंदर पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी अश्वनी को काबू कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दो बैटरी पुलिस ने बरामद कर ली है। वहीं, वारदात में शामिल दो आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।