चरखी दादरी। छिल्लर गांव निवासी राजकुमार हत्याकांड में पुलिस ने नौ महीने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रदीप उर्फ चिक्का की मृतक राजकुमार से दोस्ती थी और वह छिल्लर गांव ही रहने वाला है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि साथ में नशा करने से इन्कार करने पर उसने राजकुमार की लोहे की नलकी से मारपीट की थी।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि छिल्लर निवासी राजेश ने 21 अगस्त 2023 को एक शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके छोटा भाई राजकुमार को गांव निवासी एक शख्स अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसका भाई घर नहीं लौटा। राजेश ने बताया कि 21 अगस्त को उन्हें सूचना मिली कि राजकुमार का शव घसोला माइनर के समीप पड़ा है। सूचना के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। राजेश के अनुसार उसके भाई के शरीर पर चोटों के निशान मिले। इसके चलते परिजनों ने हत्या का केस दर्ज करवाया था।
डीएसपी हेडक्वार्टर विनोद शंकर ने बताया कि अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी प्रदीप उर्फ चिक्का को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि राजकुमार बणी में शराब पी रहा था और जब उसने उसको नशा करने के लिए अपने पास बुलाया तो वो नहीं आया। इसके बाद वह उसे बणी से बैठाकर खेत में ले गया। यहां उसने राजकुमार को पीटा, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को नहर के पास ठिकाने लगाकर फरार हो गया।