झोझू कलां। दादरी जिले के गांव तिवाला निवासी एक व्यक्ति ने एक युवक पर उसके बेटे को भारतीय तटरक्षक बल में लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव तिवाला निवासी बलजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अंकित राजस्थान के चिड़ावा में कोचिंग लेता था। वहीं पर उनके गांव का भांजा रवि भी कोचिंग लेता था। रवि के माध्यम से उसके बेटे की पहचान एक अन्य युवक से हुई। जिस पर उक्त युवक का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त युवक ने कहा कि वह अंकित को भर्ती करवा देगा। जिस पर वह उसकी बातों में आ गया और भर्ती करवाने के लिए पांच लाख रुपये दे दिए। जब उसका बेटा भर्ती नहीं हुआ तो उन्होंने रुपये वापस मांगे लेकिन उक्त युवक टाल-मटोल करता रहा। उसके द्वारा तीन मई 2024 को झोझू कलां पुलिस थाने में शिकायत देने के बाद उक्त युवक ने कुछ रुपये वापस दिए लेकिन शेष राशि नहीं लौटाई। शिकायत के आधार पर झोझू कलां थाना पुलिस ने अब प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।