पुलिस गिरफ्त में धोखाधड़ी करने का आरोपी प्रवेश।
चरखी दादरी। दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर चार लाख रुपये ठगने के आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। इस संबंध में सितंबर माह में बिरही कलां निवासी अमरपाल की शिकायत पर सीएम समेत दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते अकाउंटेंट प्रवेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बिरही कलां निवासी अमरपाल ने सदर थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि फरीदाबाद निवासी सीए अमित और बिरही कलां निवासी प्रवेश उसकी चौधरी मोटर वर्कशॉप में काम करते थे। दोनों ने यूरिया प्लांट की मशीन दिलाने के नाम से उससे चार लाख रुपये धोखाधड़ी से हड़प लिए। आरोपियों ने मालिक की जानकारी बिना ही प्लांट चालू हुए बिना फर्म के नाम से यूरिया सप्लाई के बिल काट दिए। अमरपाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने पदभार संभालते ही सदर थाना पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इसका पालन करते हुए एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने बिरही कलां निवासी अकाउंटेंट प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है।