मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई करते डॉ. दीपक चौधरी।
बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार को गांव सांजरवास स्थित दो मिष्ठान भंडार पर दबिश दी। इस दौरान यहां से छह घरेलू सिलिंडर बरामद किए गए, जिन्हें खाद्य आपूर्ति विभाग ने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने दोनों मिष्ठान भंडार से पनीर और मावा के चार सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। दूसरी ओर इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिष्ठान भंडार संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में दादरी पहुंचा। यहां से
गुप्तचर विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर वीरवार दोपहर सांजरवास के मैन बस स्टैंड पर स्थित शिव मिष्ठान भंडार व शर्मा जी मिष्ठान भंडार पर दबिश दी गई। कार्रवाई में खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक सुरेंद्र और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी शामिल रहे।
पहले टीम शर्मा मिष्ठान भंडार पर पहुंची और यहां मालिक आशीष मौजूद मिला। मौके पर टीम को तीन घरेलू सिलिंडर मिले, जिनमें से एक भरा और दो खाली थे। इसके अलावा यहां 5 किलो पनीर व 20 किलो मावा तैयार मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने दोनों खाद्य सामग्री के सैंपल लिए।
इसके बाद संयुक्त टीम शिव मिष्ठान भंडार पर पहुंची और वहां मालिक सतबीर हाजिर मिला। टीम को वहां भी 3 घरेलू सिलिंडर भट्ठी कार्य में प्रयोग होते मिले। इसके अलावा यहां 10 किलो पनीर व 25 किलो मावा तैयार मिला, जिनके सैंपल लिए गए।
- खाद्य आपूर्ति विभाग ने कब्जे में लिए सिलिंडर करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान दोनों मिष्ठान भंडार से छह घरेलू सिलिंडर बरामद हुए। इन्हें खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी घरेलू सिलिंडर व्यवसायिक गतिविधियों में प्रयोग करने के मामले जिले में पकड़े गए हैं।