चरखी दादरी। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसमें एक पक्ष से तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। हमले में घायल एक दंपती को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया जबकि दो महिलाओं समेत चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस को दिए बयान में घायल पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर दर्ज करवाए गए दुष्कर्म के मामले को लेकर उन पर रंजिशन हमला किया गया।
पुलिस को दिए बयान में घायल पक्ष से एक युवक ने बताया कि गत 18 अगस्त को वो और उसका भाई अपने बच्चों के साथ घर पर सो रहा था जबकि उसके माता-पिता व भांजी घर के समीप प्लॉट में सो रहे थे। देर रात उन्हें गली में शोर सुनाई दिया और इसके चलते उन्होंने छत से नीचे झांक कर देखा तो कुछ लोग उन्हें गाली-गलौज दे रहे थे। उसी दौरान प्लॉट में सो रहे उसका माता-पिता ने बाहर आकर इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने हमला कर दिया।
घायल पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के अन्य लोग भी वहां आ गए और उनके परिवार से मारपीट की। इस हमले में बयानकर्ता युवक, उसकी पत्नी, भाई व भाभी और माता-पिता घायल हो गए। उपचार के लिए सभी घायल अस्पताल पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बुजुर्ग दंपती को पीजीआई रेफर कर दिया। हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में संदीप, नरेंद्र, पवन, महेंद्र, मेहर सिंह, बाला देवी, श्रीभगवान, साहिल, सतीश और अनिल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।