चरखी दादरी। मृत बहन के खाते से अपने खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर करने के आरोपी भाई को दादरी बस स्टैंड चौकी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मनजीत कलियाणा गांव का रहने वाला है और झज्जर जिला के छारा निवासी उसके जीजा नवीन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। वहीं, आरोपी से पुलिस ने 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 20 जनवरी 2025 को दादरी शहर थाना में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता छारा निवासी नवीन ने बताया था कि वो भारतीय सेना में नौकरी करता है। उसने लोन लेकर 11 दिसंबर 2023 को पत्नी प्रमिला के बैंक खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए थे। इसके बाद उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली और उसके बाद पत्नी का डेबिट कार्ड व सभी कागजात उसके पिता और भाई उसके घर से लेकर गए थे। उन्होंने उसकी पत्नी प्रमिला के खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए।
प्रवक्ता ने बताया कि नवीन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। हेड कांस्टेबल हरवंश की टीम ने अब कलियाणा निवासी आरोपी मनजीत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने 10 लाख में से 20 हजार रुपये बरामद करवा दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया और वहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया।