चरखी दादरी में मकड़ानी के समीप एक प्रवासी श्रमिक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। चिड़िया चौकी पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया और उसके बेटे के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान बदायूं (उत्तर-प्रदेश) के गोतरा मोहर पट्टी मुक्ट हल्ली निवासी रामकिशोर के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे रामजीत ने बताया कि वो करीब तीन माह पहले अपने छोटे भाई यगपाल, बहन लता और पिता रामकिशोर के साथ मकड़ानी स्थित एक फैक्टरी में काम करने आया था। रामजीत ने बताया कि 18 दिसंबर की दोपहर करीब 12 बजे उसका पिता रामकिशोर सामान लाने के लिए फैक्टरी से निकला था। दुकान से सामान लेकर उसका पिता वापस फैक्टरी आ रहा था और उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसके पिता को टक्कर मार दी। हादसे में उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
रामजीत ने बताया कि हादसे का पता चलते ही वो और अन्य श्रमिक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रामकिशोर को संभाला और तुरंत दादरी सिविल अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में मौत होने की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने सोमवार सुबह कागजी कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मालगाड़ी की चपेट में आई किशोरी, पीजीआई रेफर
चरखी दादरी-भिवानी रेलमार्ग पर स्थित रावलधी ओवरब्रिज के समीप सोमवार सुबह एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई और सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार लोहारू चौक के समीप रहने वाली 16 वर्षीय आंचल सोमवार सुबह किसी काम से रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग की तरफ गई थी। उसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वो मालगाड़ी की चपेट में आ गई। मामले की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से किशोरी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं, एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि फिलहाल घायल किशोरी के बयान दर्ज नहीं हो पाए है और उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि हादसा कैसे हुआ।