दादरी-बाढड़ा मुख्यमार्ग पर गांव भैरवी के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार भैरवी निवासी दो दोस्त घायल हो गए। उनमें से एक को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। सदर थाना पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन घायल के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बयान में भैरवी निवासी कुलदीप ने बताया कि शुक्रवार शाम वो गांव निवासी सचिन के साथ बाइक पर सवार होकर दादरी जा रहा था। घायल ने बताया कि बाइक वह चला रहा था जबकि सचिन पीछे बैठा था। गांव से थोड़ा चलकर जब वो पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक से गिरकर दोनो घायल हो गए। घायल ने बताया कि कुछ देर बाद ही उनके गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सचिन को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल कुलदीप के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।