चरखी दादरी। शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल स्थानीय रोहतक रोड पर महिला थाना के समीप दिनदहाड़े झपटमारी की एक घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन से महिला का पीछा कर रहे एक युवक ने महिला थाने के पास उसके गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव घिकाड़ा निवासी लक्ष्मी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर के समय वह रेलवे स्टेशन से पैदल महिला थाना की तरफ जा रही थी। उसी दौरान एक अज्ञात युवक उसका पीछा करता रहा और बात करता रहा। जब वह महिला थाने के समीप पहुंची तो मौका पाकर वह युवक उसके गले से सोने का लॉकेट तोड़कर श्री हनुमान मंदिर वाली गली की तरफ भाग गया।
पीड़िता के अनुसार युवक दुबले-पतले शरीर का था और उसके कंधे पर काले रंग का एक बैग भी था। घटना की जानकारी पाकर सिटी थाना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।