चरखी दादरी। दादरी-भिवानी मुख्यमार्ग पर गांव पैंतावास के समीप गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पैंतावास खुर्द निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भतीजे के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दिए बयान में पैंतावास खुर्द निवासी अरुण ने बताया कि उसका चाचा सुरेंद्र जिओ टावर की मरम्मत का काम करता था। उसके चाचा के पास दादरी और भिवानी दोनों जिलों के टावर का चार्ज था। बुधवार शाम उसका चाचा बाइक पर सवार होकर भिवानी की तरफ गया था। वहां से लौटते समय जब चाचा सुरेंद्र पैंतावास के समीप पहुंचा तो गलत दिशा में भिवानी की तरफ जा रहे ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे उसके भतीजे अरुण ने अन्य ग्रामीणों की मदद से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही देर रात पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और सुरेंद्र के शव को कब्जे में ले लिया। वीरवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।