फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: लोहारू चौक पर फिर बना तालाब, दो फुट से अधिक पानी में डूबी सड़क

Fri, 29 May 2026 11:23 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
शहर के लोहारू रोड पर भरा पानी।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों में शामिल लोहारू चौक से लोहारू रोड पर एक बार फिर जलभराव की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। वीरवार शाम को हुई बारिश के बाद सड़क पर करीब 200 फीट की दूरी तक दो फुट पानी भरा है। इससे इस मार्ग से पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। जलभराव से वाहन चालकों, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। पिछले चार वर्षों से हर बार बारिश होने पर लोहारू चौक और आसपास का क्षेत्र पानी से भर जाता है। कई बार शिकायत और मांगें उठाने के बावजूद आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थिति यह है कि थोड़ी सी बारिश भी इस इलाके को तालाब में बदल देती है।
विज्ञापन



प्रतिदिन गुजरते है 10 हजार से ज्यादा वाहन
लोहारू रोड शहर को आसपास के अनेक गांवों, क्रशर जोन व राजस्थान से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। ऐसे में जलभराव होने पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। सड़क पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं। कई बार वाहन पानी में बंद हो जाते हैं जबकि गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

आसपास के दुकानदार सुनील, सोमबीर, नवीन, पवन आदि का कहना है कि बारिश के बाद ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ता है। पानी दुकानों के सामने तक पहुंच जाने से लोगों को सामान बचाने और सफाई करने में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ती है। बदबू और गंदगी के कारण क्षेत्र का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। प्रशासन की ओर से कई बार जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी निकलवाया जाता है। सड़क पर जमा पानी को टैंकर भर-भरकर अन्य स्थानों पर खाली किया जाता है लेकिन यह केवल अस्थायी समाधान साबित होता है।
विज्ञापन


सड़क पर जमा दो फुट से अधिक गहरे पानी के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग मजबूरी में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे अन्य सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ रहा है। मांग की है कि लोहारू चौक और लोहारू रोड पर जलनिकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में एक जैसी समस्या सामने आने के बावजूद यदि अभी भी ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले मानसून में हालात और गंभीर हो सकते हैं।


वर्सन:
लोहारू चौक के नजदीक सीवरेज लाइनें ब्लॉक हो गई है जिसके कारण पानी भरता है। जल्द ही पानी का निकलवाया जाएगा और स्थायी समाधान किया जाएगा। - सोहनलाल, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें