बैठक में शामिल नीमा एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोषाध्यक्ष डॉ. विजय वशिष्ठ और संयुक्त सचिव डॉ. सुरेंद्र डाला की मौजूदगी में प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सदस्यों और कार्यकारिणी पदाधिकारियों की सहमति से जिला अध्यक्ष व जिला सचिव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में बताया गया कि राज्य कार्यकारिणी की ओर से छह सितंबर को आदेश जारी कर जिला स्तरीय चुनाव प्रक्रिया और बैठकों पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद जिला सचिव और अध्यक्ष की ओर से 12 सितंबर को कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर चुनाव रणनीति बनाने और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया, जो राज्य इकाई के दिशा-निर्देशों और नीमा संविधान का सीधा उल्लंघन है।
सभी 10 कार्यकारिणी सदस्यों और 25 सामान्य सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त मांग-पत्र नीमा हरियाणा के अध्यक्ष को भेजा गया है। इसमें मांग की गई है कि संगठन के संविधान और नियमावली के तहत जिला कार्यकारिणी की आधिकारिक बैठक बुलाई जाए और निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए राज्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाए। इसके अतिरिक्त नियम का उल्लंघन करने वाले जिला अध्यक्ष और जिला सचिव को उनके पदों से हटाने के लिए अनुशासनात्मक और संवैधानिक कार्रवाई की जाए।