अपने कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनते हुए विधायक सुनील सांगवान।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सरकार की ओर से लोक निर्माण विभाग के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नए रोड निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 10.20 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस विशेष बजट से क्षेत्र में लगभग साढ़े 15 किलोमीटर लंबी कुल 10 सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा।
विधायक सुनील सांगवान ने शनिवार को दादरी कैंप कार्यालय में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। वहीं विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि हाल ही में प्रदेश की नायब सरकार द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नये रोड निर्माण की राशि मंजूर की है। इस योजना के तहत शहर के सबसे व्यस्त मार्ग परशुराम चौक से तिकोना पार्क (रोहतक रोड) तक के मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए करीब 3 करोड़ का बजट अकेले स्वीकृत किया गया है। करीब 1.15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से स्थानीय निवासियों, राहगीरों और व्यापारियों को जाम और जर्जर सड़क की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
सुनील सांगवान ने बताया कि मुख्यमंत्री के दादरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की मजबूती के लिए इस प्रशासनिक मंजूरी से विकास को नई गति मिलेगी। इसके तहत समसपुर से खातीवास रोड की शिफ्टिंग व मजबूतीकरण के लिए 1.95 करोड़ रुपये, ढाणी फोगाट पहुंच मार्ग के लिए 2.66 करोड़ रुपये और अचीना से बिगोवा मार्ग के 6.23 किलोमीटर हिस्से को मजबूत करने के लिए 1.28 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा बौंद कलां से मालपोस, घिकाड़ा स्कूल रोड, रानीला बाइपास, सरूपगढ़ से संतोड़, कन्हेटी से भागवी और मालपोष स्कूल अप्रोच रोड पर भी निर्माण कार्य को हरी झंडी मिल गई है। सभी कार्यों के लिए तकनीकी मंजूरी के तुरंत बाद धरातल पर काम शुरू करा दिया जाएगा जिससे आमजन को जल्द राहत मिलेगी।