क्षेत्र के खिलाड़ियों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। गांव पिचौपा कलां में प्रस्तावित खेल स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम निर्माण के लिए 10.86 करोड़ रुपये से निविदाएं आमंत्रित की गई। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। स्टेडियम बनने से पिचौपा कलां सहित आसपास के दर्जनों गांवों के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। करीब साढ़े छह एकड़ भूमि पर बनने वाले इस स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस किया जाएगा। परियोजना के तहत छह लेन का सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाया जाएगा, जिस पर खिलाड़ी राष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिताओं की तर्ज पर अभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा वॉलीबाल, बास्केटबाल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और बॉक्सिंग जैसी खेल गतिविधियों के लिए भी अलग-अलग मैदान और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
2018 में की थी घोषणा
दरअसल, मुख्यमंत्री ने 6 नवंबर 2018 को गांव पिचौपा कलां में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा के बाद ग्रामीणों ने भी परियोजना को साकार करने में अहम भूमिका निभाई। स्टेडियम के लिए निर्धारित जमीन का भरत ग्रामीणों ने अपने स्तर पर करवाया, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। हालांकि इसके बावजूद योजना विभिन्न विभागीय प्रक्रियाओं और मंजूरियों के कारण लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकी। पिछले करीब चार माह से फाइल भी अटकी हुई थी लेकिन अब टेंडर जारी होने के साथ ही परियोजना को नई गति मिल गई है।
29 को खुलेंगे टेंडर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 26 जून तक निर्माण कार्य के लिए इच्छुक एजेंसियां अपनी बोलियां जमा कर सकेंगी। इसके बाद 29 जून को टेंडर खोले जाएंगें सफल एजेंसी के चयन के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यदि प्रक्रिया समय पर पूरी हुई तो जल्द ही क्षेत्र के लोगों को स्टेडियम का निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेगा। ग्रामीणों का कहना है कि खेल सुविधाओं के अभाव में उन्हें अभ्यास के लिए रोहतक, भिवानी, दिल्ली या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते।
खिलाड़ियों को मिलेगी सुविधाएं
स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिलेगी, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। ग्रामीणों का मानना है कि यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रामीण सचिन ने बताया कि टेंडर जारी होने बाद ग्रामीणों ने मंत्री रणबीर गंगवा का धन्यवाद किया है।
वर्सन:
स्टेडियम के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। विभागीय जानकारी से मिली जानकारी अनुसार 29 को टेंडर खोले जाएंगे। जल्द खेल स्टेडियम का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। - अशोक, सरपंच प्रतिनिधि, पिचौपा कलां