गांव झिंझर के खेतों में भड़की भीषण आग।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। झिंझर के खेतों में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं।
आग रात के समय चली आंधी से अधिक भड़क गई जिससे लपटें तेजी से फैलती चली गईं। खेतों में रखा हुआ पशुओं का चारा (तुड़ा) और अन्य ईंधन चपेट में आ गया। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली बड़ी संख्या में लोग अपने ट्रैक्टरों और पानी के टैंकरों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. वीरेंद्र सिंह और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। तभी फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया जिसके बाद दादरी और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंचीं। खबर लिखे जाने तक दमकल की 3 गाड़ियां पहुंच चुकी थी।
दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग को रिहायशी इलाकों और अन्य खेतों की तरफ बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। राहत कार्य में पुलिस की टीमों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
काफी देर तक भी आग पर काबू न पाने और लगातार बढ़ती आग को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में स्थित मकानों से पशुओं को भी निकाल कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।