चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 334बी पर जिले के गांव मोरवाला के समीप रविवार सुबह डंपर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई और उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से जिले के गांव पैंतावास कलां निवासी हरिकिशन वर्ष 2003 में दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद परिवार के साथ दिल्ली में ही रहने लगे थे। रविवार को उनका बेटा करीब 38 वर्षीय मोनू किसी कार्य के चलते कार में सवार होकर अपने पैतृक गांव पैंतावास कलां आ रहा था। इस दौरान कार में उनकी आठ वर्षीय बेटी हितवी भी सवार थी। सुबह करीब पांच बजे जब वे गांव इमलोटा से आगे मोरवाला के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पिता व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया और हितवी को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
इमलोटा पुलिस चौकी में तैनात एएसआई व जांच अधिकारी अमित ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई सुरेंद्र व जितेंद्र के बयान के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मृतक मोनू की फाइल फोटो।